hybrid fund
Hybrid Fund: पिछले कुछ समय से शेयर बाजार में काफी उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दुनिया भर में बढ़ रहे भू राजनीतिक तनाव का असर भी बाजार पर दिखाई दे रहा है। ऐसे माहौल में निवेशकों के लिए यह तय करना मुश्किल हो जाता है कि पैसा कहां लगाया जाए और कितना जोखिम लिया जाए।
ऐसे समय में हाइब्रिड म्युचुअल फंड पर भी निवेशकों का ध्यान जाता है। इन फंड्स में पैसा एक से ज्यादा एसेट क्लास में लगाया जाता है। आमतौर पर इक्विटी यानी शेयर और डेट यानी बॉन्ड जैसे विकल्पों को पोर्टफोलियो में शामिल किया जाता है। कुछ हाइब्रिड फंड सोने जैसी दूसरी एसेट क्लास में भी निवेश करते हैं।
इसका मकसद पोर्टफोलियो में संतुलन बनाना होता है। इक्विटी से लंबे समय में ग्रोथ की संभावना रहती है, जबकि डेट हिस्सा पोर्टफोलियो में कुछ स्थिरता लाने में मदद कर सकता है।
हाइब्रिड फंड कैसे काम करते हैं?
हाइब्रिड फंड को समझने का सबसे आसान तरीका यह है कि इसमें निवेशक का पैसा सिर्फ एक जगह नहीं लगाया जाता। फंड की कैटेगरी और उसकी रणनीति के अनुसार पैसा इक्विटी, डेट और कुछ मामलों में सोने जैसी एसेट में बांटा जाता है।
हाइब्रिड फंड्स का मकसद एक ही फंड के अंदर अलग अलग एसेट क्लास में निवेश करना होता है। इसमें इक्विटी, डेट और सोने जैसी कीमती धातुओं में पैसा लगाया जाता है, ताकि निवेशकों को बेहतर रिस्क एडजस्टेड रिटर्न मिल सके
उनके मुताबिक, निवेश का एक बुनियादी नियम Diversification यानी विविधीकरण है। इसका मतलब है कि पूरा पैसा एक ही जगह लगाने के बजाय उसे अलग अलग एसेट में बांटना। हाइब्रिड फंड यही काम एक ही फंड के अंदर करते हैं।
हाइब्रिड फंड की अलग अलग कैटेगरी होती हैं और हर कैटेगरी में इक्विटी और डेट का अनुपात अलग हो सकता है। कुछ फंड बाजार की स्थिति के अनुसार अपने Asset Allocation में बदलाव भी करते हैं।
हाइब्रिड फंड का मकसद किसी एक एसेट क्लास से सबसे ज्यादा रिटर्न हासिल करना नहीं है। इसका उद्देश्य पोर्टफोलियो में संतुलन बनाए रखते हुए समय के साथ निवेश को बढ़ाना है।
शुद्ध इक्विटी फंड में लंबे समय में ज्यादा रिटर्न की संभावना हो सकती है, लेकिन छोटी अवधि में इनमें ज्यादा उतार चढ़ाव भी हो सकता है। दूसरी ओर, डेट फंड आमतौर पर ज्यादा स्थिर होते हैं, लेकिन इनमें इक्विटी जैसी तेज ग्रोथ की संभावना सीमित रहती है। हाइब्रिड फंड इन दोनों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करते हैं।
हाइब्रिड फंड के फायदे और जोखिम क्या हैं?
हाइब्रिड फंड का एक फायदा यह है कि निवेशक को अलग अलग एसेट क्लास में पैसा लगाने के लिए कई फंड रखने की जरूरत नहीं पड़ती। एक ही फंड के जरिए इक्विटी और डेट में निवेश किया जा सकता है।
हाइब्रिड फंड्स का सबसे बड़ा फायदा यह है कि निवेशक को अपने पोर्टफोलियो में बहुत सारे अलग अलग फंड जोड़ने की जरूरत नहीं पड़ती। कुछ चुने हुए हाइब्रिड फंड ही एसेट एलोकेशन की पूरी जिम्मेदारी संभाल लेते हैं
डायनेमिक एसेट एलोकेशन, मल्टी एसेट एलोकेशन और एग्रेसिव हाइब्रिड जैसी कैटेगरी निवेशकों को अलग अलग एसेट में निवेश का मौका देती हैं। कई मामलों में इनका Tax Treatment भी इक्विटी आधारित हो सकता है, जो फंड की इक्विटी हिस्सेदारी पर निर्भर करता है।
इन फंड्स में निवेश का एक फायदा यह भी है कि निवेशक को हर एसेट क्लास पर लगातार नजर रखने की जरूरत नहीं पड़ती। फंड मैनेजर तय रणनीति के आधार पर पोर्टफोलियो में बदलाव और Rebalancing करते रहते हैं।
हालांकि, हाइब्रिड फंड को पूरी तरह सुरक्षित निवेश नहीं माना जा सकता। इनमें भी बाजार से जुड़ा जोखिम रहता है। उदाहरण के लिए, एग्रेसिव हाइब्रिड फंड में इक्विटी का हिस्सा काफी ज्यादा होता है। इसलिए शेयर बाजार में गिरावट आने पर इसका असर फंड के प्रदर्शन पर पड़ सकता है।
इसी तरह, मल्टी एसेट फंड में अगर चांदी जैसी धातुओं में निवेश है, तो उसमें भी उतार चढ़ाव हो सकता है। इसलिए हाइब्रिड फंड का जोखिम इस बात पर निर्भर करता है कि उसमें किस एसेट में कितना पैसा लगाया गया है।
Behavioral Risk यानी व्यवहारिक जोखिम कहा जाता है। बाजार में गिरावट आते ही कई निवेशक घबरा जाते हैं और जल्दबाजी में अपना निवेश निकाल लेते हैं। हाइब्रिड फंड में अलग अलग एसेट होने से पोर्टफोलियो में गिरावट को कुछ हद तक संभालने में मदद मिल सकती है। इससे निवेशक लंबे समय तक निवेश में बने रह सकते हैं।
इसके अलावा Category Selection Risk भी होता है। अगर निवेशक अपनी जोखिम क्षमता के मुताबिक सही हाइब्रिड फंड कैटेगरी नहीं चुनता है, तो फंड का प्रदर्शन उसकी उम्मीद के मुताबिक नहीं रह सकता।
किन निवेशकों के लिए हाइब्रिड फंड उपयोगी हो सकते हैं?
हाइब्रिड फंड केवल नए निवेशकों के लिए ही नहीं होते। अलग अलग जोखिम क्षमता और वित्तीय लक्ष्यों वाले निवेशक इन पर विचार कर सकते हैं।
पहली बार शेयर बाजार में निवेश शुरू करने वालों के लिए हाइब्रिड फंड एक Entry Point की तरह काम कर सकते हैं। नए निवेशक बाजार में पहली गिरावट देखकर घबरा सकते हैं। ऐसे में फंड में मौजूद डेट हिस्सा पोर्टफोलियो के उतार चढ़ाव को कुछ हद तक कम कर सकता है।
जो निवेशक थोड़ा जोखिम लेना चाहते हैं और पारंपरिक Fixed Deposit यानी FD से ज्यादा रिटर्न की संभावना तलाश रहे हैं, वे भी हाइब्रिड फंड पर विचार कर सकते हैं। इसके अलावा Retirement या बच्चों की पढ़ाई जैसे लंबे समय के वित्तीय लक्ष्यों के लिए भी इनका इस्तेमाल किया जा सकता है।
हाइब्रिड फंड में Professional Asset Allocation और समय समय पर Rebalancing किया जाता है। इससे निवेशक को अपने स्तर पर बार बार पोर्टफोलियो में बदलाव करने की जरूरत कम हो सकती है।
निवेश का तरीका निवेशक के लक्ष्य, समय सीमा और Risk Appetite पर निर्भर होना चाहिए। कम अवधि के निवेश के लिए वह आर्बिट्रेज फंड्स का जिक्र करते हैं। वहीं, लंबी अवधि के लिए एग्रेसिव हाइब्रिड और मल्टी एसेट एलोकेशन फंड्स पर विचार किया जा सकता है।
हर फंड की Investment Strategy अलग होती है। इसलिए निवेश करने से पहले फंड के Investment Objective को समझना जरूरी है। जरूरत पड़ने पर योग्य वित्तीय सलाहकार की मदद भी ली जा सकती है।
बाजार में उतार चढ़ाव के दौरान हाइब्रिड फंड कैसे मदद कर सकते हैं?
मौजूदा वैश्विक अनिश्चितता के बीच बाजार में उतार चढ़ाव ज्यादा रह सकता है। ऐसे माहौल में बाजार की सही दिशा का अनुमान लगाना मुश्किल होता है।
मौजूदा बाजार में वोलैटिलिटी ज्यादा है। उनका कहना है कि बाजार किसी भी वैश्विक घटना के आधार पर अचानक दिशा बदल सकता है, इसलिए Market Timing करना आसान नहीं है।
ऐसे माहौल में वह बैलेंस्ड एडवांटेज फंड और मल्टी एसेट एलोकेशन फंड में Staggered Investment यानी किस्तों में निवेश का सुझाव देते हैं। डायनेमिक एसेट एलोकेशन फंड बाजार की स्थिति के अनुसार इक्विटी और डेट के बीच निवेश का अनुपात बदल सकते हैं।
बाजार की दिशा का अनुमान लगाना मुश्किल हो, तब अनुशासित Asset Allocation महत्वपूर्ण हो जाता है। हाइब्रिड फंड की एक खासियत यह है कि इनमें Rebalancing की प्रक्रिया पहले से फंड की रणनीति का हिस्सा होती है।
इसका मतलब है कि बाजार में बदलाव के साथ फंड अपने तय नियमों के अनुसार इक्विटी और दूसरी एसेट में निवेश का अनुपात बदल सकता है। हालांकि, इससे नुकसान का जोखिम पूरी तरह खत्म नहीं होता।
निवेश से पहले क्या समझें?
हाइब्रिड म्युचुअल फंड में इक्विटी और डेट समेत अलग अलग एसेट क्लास का मिश्रण होता है। इसलिए इन्हें केवल सुरक्षित निवेश मानना सही नहीं है। हर कैटेगरी का Risk Level अलग होता है।
निवेश करने से पहले यह देखना जरूरी है कि फंड में इक्विटी का कितना हिस्सा है, कौन सी दूसरी एसेट शामिल हैं, निवेश की अवधि क्या है और आपकी अपनी Risk Appetite कितनी है।
कुल मिलाकर, हाइब्रिड फंड उन निवेशकों के लिए एक विकल्प हो सकते हैं जो एक ही फंड के जरिए अलग अलग एसेट क्लास में निवेश करना चाहते हैं। लेकिन फंड का चुनाव केवल बाजार की मौजूदा स्थिति देखकर नहीं करना चाहिए। निवेश का लक्ष्य, समय अवधि और जोखिम क्षमता समझने के बाद ही सही कैटेगरी का चुनाव करना चाहिए।
